उदय प्रकाश का जीवन परिचय एवं रचना



जीवन परिचय - उदय प्रकाश का जन्म एक क्षत्रिय वंश में 1 जनवरी 1952 ई. को मध्य प्रदेश के शहडोल जिले (वर्तमान में अनूपपुर) के एक छोटे से गाँव, ‘सीतापुर’ में हुआ था। सीतापुर गांव मध्य प्रदेश में अब ‘अनूपपुर’ के नाम से जाना जाता है। ‘अनूपपुर’ गाँव सोन नदी और नर्मदा नदी की गोद में बसा हुआ है। उदय प्रकाश ने स्वयं कहा है, ‘‘नर्मदा और सोन दोनों हमारे गाँव के पास से ही निकलती हैं। दोनों नदियों के बहुत निकटतम् उसी तरह की प्रकृति, उसी तरह के पेड़, वहीं मिट्टी उन्हीं के बीच वह गांव बसा हुआ है।’’ इस संबंध में उदय प्रकाश एक साक्षात्कार में कहते हैं, ‘‘मैं मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सीतापुर क्षेत्र का हूँ। यहाँ की 82 प्रतिशत आबादी गोंड, कोल और अन्य आदिवासियों की हैं। यह इलाका छोटा नागपुर इलाके तक है। मेरी पढ़ाई-लिखाई उसी परिवेश में हुई थी। वहीं का जीवन मेरा परिवेश था। कुमार सुरेश सिंह मेरे फुफेरे भाई हैं, उन्होंने झारखंड पर काफी काम किया है। मैंने शुरुआत पेंटिंग और कविताओं से की। कविताओं में मेरी माँ का हाथ था। पिता साहित्यिक अभिरुचि के थे। घर में साहित्यिक पत्रिकाएँ आती थी। बुआ आल्हा गाती थी और भजन लिखती थी। इससे एक तरफ साहित्य तो दूसरी तरफ अध्यात्म का असर हुआ।


उदय प्रकाश का जन्म मध्य वर्गीय परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम श्री प्रेमकुमार सिंह था। वह गाँव के प्रतिष्ठित जमींदार थे तथा माता श्रीमती गंगादेवी गृहिणी थी। उनके परिवार में बड़े भाई अरुण प्रकाश तथा बहन स्वयं प्रभा सिंह है। उनके परिवार को स्थानीय राजघराना माना जाता रहा है। उनका बचपन वैभवपूर्ण एवं संस्कारशील परिवार में बेहद आत्मीयपूर्ण वातावरण में बीता। उनके जीवन में उनकी माँ प्रथम गुरु के रूप में रही हैं। उनके व्यक्तित्व और कृतित्त्व पर माँ के संस्कारों की अमिट छाप पड़ी है। माँ उनकी संवेदना का स्त्रोत हैं, स्वयं उदय प्रकाश ने कहा है-‘‘पेंटिंग और कविता की प्रेरणा माँ की उस नोटबुक से मिली जो वह अपने साथ अपने गाँव से लेकर आई थीं, उसमें जो भोजपुरी लोकगीत, कजरी, सोहर, चैती, फगुआ, विरहा, विदेसिया और चिड़ियों एवं फूलों के चित्र बने हुए थे। इन लोकगीतों में वह संगीत और कविता थी जो मुझे अपने भीतर डुबा लेती थी, आज भी मुझे हर अच्छी कहानी में कविता या संगीत एक साथ पाने की इच्छा रहती है।
10 वर्ष की आयु में उनकी मां का देहांत कैंसर के कारण हो गया। ‘नेलकटर’ कहानी में रचनाकार ने इस प्रसंग की भावुक अभिव्यक्ति की है। माँ के निधन के पश्चात् उनके परिवार में बिखराव शुरू हो गया। मानो मौत का ताण्डव मच गया हो। उनकी मृत्यु के बाद उनके पिताजी का भी स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। उदय प्रकाश मात्र 17 वर्ष की आयु में ही अनाथ हो गये। इस त्रासद घटना का वर्णन वे अपनी कहानियों में करते हुए लिखते हैं-‘‘बचपन से ही मैंने मृत्यु को अपनी आँखों से देखा है। बारह या तेरह वर्ष का था जब माँ की मृत्यु हुई थी। उस वर्ष उनकी उम्र सैंतीस वर्ष की थी। उन्हें श्वासनली का कैंसर था (नेलकटर)। सत्रह वर्ष का था जब पिता की मृत्यु हुई। उन्हें दाढ़ और गाल का कैंसर था। (दरियाई घोड़ा) यह एक विचित्र संयोग है, जो कई बार मुझे नियति के हाथों लिखी गयी हमारी वंशावली की तरह लगता है कि पिछली कई पीढ़ियों से हमारे परिवार ने छियालीस वर्ष की आयु रेखा पार नहीं किया। मेरे पितामह की मृत्यु भी पैंतालीस की उम्र में हो गयी थी और यह एक तथ्य है (या शायद संयोग) कि सभी की मृत्यु कैंसर से हुई।’’
माता-पिता को खो देने की पीड़ा उदय प्रकाश सहन न कर सके और ‘स्क्रीजोफ्रेनिया’ नामक रोग से पीड़ित हो गये। इसे मनोविदलता कहते हैं यह एक मानसिक विकार है। जिसमें मनुष्य असामान्य व्यवहार तथा वास्तविकता को पहचान पाने में असमर्थ होता हैं ‘स्क्रिीजोफ्रेनिया’ का शाब्दिक अर्थ है ‘मन का टूटना’। इस मानसिक अवस्था का चित्रण उनके एक आत्मकथ्य में मिलता है, ‘‘जब माँ की मृत्यु हुई मैं इस शून्य को सह पाने की स्थिति में नहीं था। दुबला-पतला था, चिड़चिड़ा था और सम्भवतः बहुत अधिक संवेदनशील था। लेकिन मैंने अपने से छः वर्ष छोटी बहन को देखा। वह इतनी छोटी थी कि माँ की अर्थी ले जाते समय फैंके जाने वाले तांबे के सिक्कों को बीन रही थी और बताशे खा रही थी। मुझे लगता है कि कई वर्षों तक अपनी छोटी बहन को अकेला न होने देने के लिए जीवित रहा। बाद में पिता के न रह जाने पर लगभग एक वर्ष तक ‘स्क्रीझोफ्रेनिया’ का इलाज चला। उदय प्रकाश ने जीवन में काफी संघर्षों का सामना किया है। इतनी बाधाओं के बाद भी प्रखर प्रतिभा के धनी वे जीवन-पथ पर अग्रसर रहे, उन्होंने हार को भी पराजित कर दिया।

शिक्षा-दीक्षा - उदय प्रकाश की प्रारम्भिक शिक्षा माता-पिता की देखरेख में सीतापुर में ही हुई। उनकी प्राथमिक स्तर की शिक्षा सीतापुर प्राथमिक पाठशाला में हुई व छठी, सातवीं तथा आठवीं तक की पढ़ाई उन्होंने ‘अनूपपुर दामोदर बहुउद्देशीय माध्यमिक पाठशाला’ में की, जो अब ‘अनूपपुर कन्या महाविद्यालय’ के नाम से जाना जाता है। कक्षा नवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई उदय प्रकाश ने ‘शहडोल शासकीय महाविद्यालय’ से तथा ‘रघुराज हायर सेकेंडरी स्कूल’ से की है। पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने सागर विश्वविद्यालय से बी0एस0सी0 की पढ़ाई की। स्नातकोत्तर की पढ़ाई उन्होंने 1974 ई0 में हिंदी विषय से की जिसमें उन्हें ‘नंददुलारे वाजपेयी स्वर्ण पदक’ प्राप्त हुआ। पढ़ाई में अध्ययन के साथ वह ‘साम्यवादी मूवमेण्ट’ से जुड़े रहे। आगे की शिक्षा प्राप्त करने के लिए वे दिल्ली चले गए और 1975 ई0 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पी.एच0डी0 में प्रवेश ले लिया और अध्यापन कार्य में रत रहें।

परिवार एवं दाम्पत्य जीवन - उदय प्रकाश का प्रेम विवाह हुआ है। उनका विवाह 9 जुलाई 1977 ई0 को गोरखपुर निवासी कुमकुम सिंह के साथ हुआ। श्रीमती कुमकुम सिंह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से फ्रेंच भाषा व स्पेनिश भाषा में एम.ए. के साथ इंडोनेशिया भाषा में डिप्लोमा किया था। उनका सम्पूर्ण परिवार शिक्षित है। कुमकुम जी अब दिल्ली के ही एक विद्यालय में कार्यरत हैं। कुमकुम जी उदय प्रकाश के रचनात्मक कार्यकलापों में सक्रिय सहयोग एवं प्रेरणा देती रही हैं। देशभर में विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में छपे उनकी चर्चाएं एवं लेख संबंधी सामग्री को जुटाना उनकी दिनचर्या का नितांत हिस्सा है। उन्होंने उदय प्रकाश के साथ जीवन के धूप छाँव में सदैव साथ निभाया है।
उदय प्रकाश के दो पुत्र हैं सिद्धार्थ और शांततु जिनकी आयु क्रमशः 32 एवं 30 वर्ष है। उदय प्रकाश के दोनों पुत्र उच्च पदों पर कार्यरत हैं। बड़ा बेटा सिद्धार्थ अपनी प्रखर बुद्धि के बल पर छात्रवृत्ति प्राप्त कर जर्मन में कार्यरत है। सिद्धार्थ ने फ्रांसीसी लड़की से शादी की है। उनका छोटा बेटा बैंक में कार्यरत है। वर्तमान में उदय प्रकाश गाज़ियाबाद के वैशाली, सेक्टर 9 में स्थित अपने आवास में रहते हुए अपनी पत्नी श्रीमती कुमकुम सिंह के साथ साहित्यिक गतिविधियों में संलग्न हैं।


आर्थिक पृष्ठभूमि - उदय प्रकाश शिक्षा ग्रहण करने के पश्चात् नौकरी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। उन्होंने सन् 1978 ई. से 1980 ई. तक जीविकोपार्जन हेतु ‘जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय’ में सहायक प्रोफेसर के पद का अध्यापन का कार्य किया। इसके उपरांत सन् 1980 ई0 से 1982 ई. तक संस्कृति विभाग, मध्य प्रदेश में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में रहे और इसी के साथ ‘पूर्वग्रह पत्रिका’ के सहायक संपादक का कार्य संभाला।
स्नातकोत्तर डिग्री में स्वर्णपदक प्राप्त करने के बाद एवं फ्रेंच, जर्मन भाषा में डिप्लोमाधारी एवं विशेषज्ञ उदय प्रकाश को कोई स्थायी नौकरी नहीं मिली। अपनी व्यथा का अंकन वे इस प्रकार करते हैं- ‘‘ हिन्दी साहित्य में स्नातकोत्तर करते हुए जो आचार्य नंददुलारे वाजपेयी स्वर्ण पदक मैंने हासिल किया था, उसे कमोड में डालकर बहा दूँ-या किसी मंत्री या अफ़सर के कुत्ते के गले में बाँधकर लटका दूँ। झूलते रहें आचार्य जी वहाँ।’’
उदय प्रकाश बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उन्होंने जीवन में बहुत संघर्ष किया है। उन्होंने सन् 1982-1990 तक टाइम्स ऑफ इण्डिया के समाचार पाक्षिक ‘दिनमान’ के संपादक का कार्य संभाला था, जिसके जनरल एडिटर अशोक वाजपेयी जी थे। इसी दौरान बीच में एक वर्ष 1987 में ‘टाइम्स रिसर्च फाउंडेशन’ के स्कूल आॅफ सोशल जर्नलिज्म में सहायक प्रोफेसर के रूप में अध्यापन का कार्य किया। उदय प्रकाश अस्थायीपन और आर्थिक तंगी से जूझते हुए वे एक वर्ष 1989 ई0 में वह इंडिया पेन्डेन्ट टेलीविजन के विचार और पटकथा लिखते रहे। उन्होंने कभी दूरदर्शन के लिए लिखा, तो कभी डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई। उन्होंने जयपुर पर आधारित दस छोटी-छोटी फिल्में बनाई जो ‘विजयदान देथा’ की शॉर्ट-स्टोरी पर आधारित है। विजयदान देथा राजस्थान के प्रख्यात लेखक हैं।
इसके पश्चात दो वर्ष तक (1991-1992 ई0) में पी0टी0 आई और आई0टी0 वाई टेलीविजन में कार्यरत रहे। इससे उन्होंने एक सांस्कृतिक मैगजीन निकाली, जो बहुत चली और सफल रही। सन् 1990 में उदय प्रकाश कुछ समय तक दिल्ली से निकलने वाले ‘संडे मेल’ साप्ताहिक के वरिष्ठ सहायक संपादक रहे।
इसके पश्चात् अप्रैल 2000 ई0 तक उन्होंने ‘इमीनेन्स- नामक अँग्रेज़ी मासिक पत्रिका के सम्पादन का कार्यभार संभाला जो बैंगलोर से निकलती थी। स्वयं उदय प्रकाश अपनी भागदौड़ भरी जीवनशैली के संदर्भ में कहते हैं, ‘‘आप मेरी पत्नी और बच्चों से पूछें-इतना संघर्ष मैंने किया है, पिछले 17-18 साल से मेरे पास कोई नौकरी नहीं है और जितनी कठिन मेहनत की है हम सबने, बच्चों को पढ़ाया, उनकी फीस का इंतजाम, मकान का किराया देना, आप जानते हैं कि बिना नौकरी के ये चीजें आसान नहीं होती, उनके लिए भागना-दौड़ना पड़ता है। मेरे पास कोई कांटेक्ट भी नहीं थे कि मैं किसी बडे़ अखबार या पत्रिका का सम्पादक बन जाऊँ।’’
वे साहित्य रचनाएँ लिख रहे थे किंतु उसमें पर्याप्त पैसा कमाना मुश्किल था। उदय प्रकाश जी को साहित्यिक प्रसिद्धि ‘पीली छतरी वाली लड़की’ कहानी से मिली। उन्हें इस कहानी से बहुत बड़ी रकम राॅयल्टी के रूप में प्राप्त हुई। यही कहानी उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बना। इसके बाद जब पेंगुइन बुक्स वालों ने उन्हें तीन पुस्तकों के लिए कहा, तब उदय प्रकाश जी को लगने लगा कि साहित्य में उनकी पहचान है। वर्तमान समय में वे पत्र-पत्रिकाओं और फिल्मों के लिए स्वतंत्र लेख और पटकथा लेखन का कार्य कर रहे हैं।
विचारधारा - एक साहित्यकार की विचारधारा उनके कृतित्व द्वारा प्रतिफलित होती है। साहित्यकार अत्यंत संवेदनशील होता है। उसकी संवेदनशीलता उनके कृतित्व को भी प्रभावित करती है और अभिव्यक्ति पाकर वह रचना के माध्यम से पाठकों के हृदय में समाहित रहती है। उदय प्रकाश का जीवन इन्हीं संवेदनाओं की पूँजी है। संवेदनाओं की सघनता उनकी रचनाओं का प्राणतत्त्व हैं।
उदय प्रकाश की साहित्यिक समझ और दृष्टि विशिष्ट है। उन्होंने बचपन से ही बहुत संघर्षों के साथ जीवन यापन किया है। यही इनके लेखन को प्रेरणा प्रदान करता है। उदय प्रकाश प्रसिद्ध कहानीकार के साथ एक कवि भी हैं। कविता के सन्दर्भ में उदय प्रकाश से एक साक्षात्कार में संजय अरोड़ा ने उनसे पूछा ‘‘बगैर एक कवि आप पर किसका प्रभाव अधिक रहा है? उदय प्रकाश-देखिए, किसी भी समय की कविता अपने से पहले की कविता से प्रभावित होती है। अब अगर उसमें कोई दावा करे कि इस काव्य की स्मृति में केदारनाथ सिंह कहीं नहीं हैं, सिर्फ रघुवीर सहाय हैं या रघुवीर सहाय नहीं विष्णु खरे हैं, तो ऐसी बहस का कोई मतलब नहीं होता। हम सभी लोग जो कुछ भी लिखते हैं, कविता हो या कहानी हो, उसमें हमसे पहले के सभी कहानीकारों एवं कवियों की जो सृजन स्मृतियाँ हैं वो हमारे चाहे या अनचाहे शामिल हो जाती है मैं तो इस पूरी मानसिकता के ही खिलाफ हूँ। मुझ पर तो संजय चतुर्वेदी की भी कविता का प्रभाव है और विष्णु खरे की भी कविता का प्रभाव है।’’
निस्संदेह उदय प्रकाश पर किसी एक साहित्यकार का प्रभाव नहीं पड़ा है। इन पर भारतीय साहित्यकारों के साथ पाश्चात्य साहित्यकारों का भी बहुत प्रभाव रहा है। पाश्चात्य साहित्यकारों में चेखव, माक्र्वेज़, बुल्गाकोव, नेरूदा, रोजेविच, जेम्स ज्वायस आदि साहित्यकारों से प्रेरणा ली है।
कबीर, निराला, मुक्तिबोध, नागार्जुन जैसे लेखकों की संघर्षशीलता उदय प्रकाश के साहित्य की प्रेरक शक्ति रही है। निर्मल वर्मा और मुक्तिबोध के संबंध में उदय प्रकाश साक्षात्कार में कहते हैं, ‘‘निर्मल वर्मा और मुक्तिबोध-ये दो लेवेल हैं। निर्मल वर्मा के अगर आप निबंध और उससे भी ज्यादा उनकी डायरीज और जर्नल्स पढ़ें और दूसरी ओर मुक्तिबोध की ‘एक साहित्यिक की डायरी’ तथा ‘नई कविता का आत्मसंघर्ष’ पढ़ें तो ये दो धु्रव हैं, जिनके बीच आपको लगातार ट्रैवल करना पड़ेगा। यदि आपको साहित्य को साधना है, तो इनके बीच ही आना-जाना पड़ेगा।’’ कथाकार उदय प्रकाश कहते हैं कि हर साहित्यकार अपने से पूर्व या अपने समकालीन साहित्यकार से प्रभावित जरूर होता है।
किसी साहित्यकार की विचारधारा के निर्माण में उसके समय की सामाजिक व्यवस्था, राजनीतिक स्थिति एवं सांस्कृतिक दृष्टि का बहुत प्रभाव रहता है। कोई भी रचनाकार अपने समय में चल रहे आंदोलनों के प्रभाव से अछूता नहीं रह सकता, कथाकार उदय प्रकाश पर भी अपने समय की परिस्थितियों का व्यापक प्रभाव पड़ा। उनका स्वयं का जीवन बहुत उतार-चढ़ाव से भरा है। उनका संघर्ष आदिवासी गाँवों से लेकर कस्बाई वीथियों से गुजरते हुए महानगर की चैड़ी सड़कों तक फैला हुआ है। उदय प्रकाश समय के अंतर्विरोध पर अपनी सूक्ष्म दृष्टि रखते हैं और साहित्य में समेट देते हैं।
कथाकार उदय प्रकाश की राजनीतिक दृष्टि बेजोड़ है। वह अपनी कविताओं, कहानी, निबंधों में राजनीतिक पार्टियों की कलई इस प्रकार खोलते हैं कि राजनीति के गुटबाजी खेमें, सत्ता के दलालों का असली रंग दिखाई देता है। उनका मानना हैं कि गैर राजनीतिक किसी राजकीय दल से मेरा कोई संबंध नहीं है। एक लेखक गैर राजनीतिक हो सकता है पर वह राजनीति से पूर्णतः अछूता नहीं रह सकता। उन्होंने भेदभाव को नकारकर अपनी कहानियों और कविताओं में हर उस व्यक्ति का ज़िक्र किया है जो शोषित है। उदय प्रकाश मानते हैं कि साहित्य वह आधार है जिसमें हम अपने समाज को सम्पूर्ण रूप में व्यक्त करते हैं। साहित्य ही मुक्ति का साधन है। जब हम अपनी बात संप्रेषित कर देते हैं तो हम दबाव से, बोझ से मुक्त हो जाते हैं।
साहित्य समाज का दर्पण होता है। यह पंक्ति उदय प्रकाश के साहित्य के संबंध में पूर्णतः चरितार्थ होती है। उदय प्रकाश पर माक्र्सवाद का व्यापक प्रभाव रहा है। समय की विसंगति को देखते हुए समाज बदला, नई टेक्नाॅलाॅजी के आने से बहुत बड़ा परिवर्तन पूरी सामाजिक संरचना और बनावट में हुआ है। मार्क्स के जो विचार जिसमें उत्पादन के साधनों की बात, पूंजीपतियों का शोषण करना, एवं श्रम की बात थी वर्तमान समय में ये तीनों चीजें नए रूप में अवतरित हुई है। उत्तर-आधुनिक युग में इलेक्ट्रॉनिक दुनिया में मजदूरों का बहुत शोषण हो रहा है।
पूंजीवादी समाज ने ब्रांड को विकसित करके मनुष्य की संवेदना को खरीद लिया है। उदय प्रकाश बदली हुई स्थिति का अवलोकन करते हुए कहते हैं-‘‘आपने देखा होगा कि 90 के बाद या भूमण्डलीकरण के बाद नवसाम्राज्य आ गया। हमारा पूरा संसाधन, पूरी अर्थ नीति, हमारी पूरी सत्ता वह लगभग गुलाम हो चुकी थी, वह नवऔपनिवेशक अधीनता को स्वीकार कर चुकी हैं, लगातार उसकी ओर बढ़ती जा रही है राष्ट्रवाद लगभग समाप्त या अंत हो चुका है।
आज चारों तरफ प्रगति और विकास का बोल बाला है लेकिन विकास और प्रगति सिर्फ ऊँचे पदाधिकारियों और पूंजीपतियों के हाथों में है। गरीब जनता तो और त्रस्त होती जा रही है। सामाजिक व्यवस्था में भी तेजी से परिवर्तन हो रहे हैं। इस पर उदय प्रकाश कहते हैं, ‘‘अगर आप समाज विज्ञान से जुड़े हैं, तो उन नियमों और परिवर्तनों को देखें, जहाँ देखते ही देखते कोई भी सामाजिक प्रगति या सामाजिक विकास किसी ‘डिजास्टर’ समस्या या विस्फोट में बदल जाता है।

उदय प्रकाश की रचना
कहानी : दरियाई घोड़ा, तिरिछ, और अंत में प्रार्थना, पॉल गोमरा का स्कूटर, पीली छतरी वाली लड़की, दत्तात्रेय के दुख, अरेबा-परेबा, मोहनदास, मेंगोसिल
कविता : सुनो कारीगर, अबूतर-कबूतर, रात में हारमोनियम
निबंध : ईश्वर की आँख निबंध
अनुवाद : अनुभव, इंदिरा गाँधी की आखिरी लड़ाई, लाल घास पर नीले घोड़े, रोम्याँ रोलाँ का भारत


Share:

कोई टिप्पणी नहीं: