आज का दिन हमारे लिए काफी अच्छा रहा। हुआ यूँ कि अक्सर क्लास के समय मैं अपने मोबाइल को या तो ले ही नहीं जाता हूँ या तो स्विच ऑफ कर देता हूँ, पर ऐसा कल मैं नहीं कर सका। पौने सात बजे के आसपास मेरे पास कॉल आई, जिसमें बड़े-बड़े अक्षरों में पंगेबाज़ लिखा हुआ था। इस प्रकार की कॉल अकारण नहीं आती थी। काफी दिनों से नेट पर दूरी के कारण उनसे मेरी बात नहीं हो सकी थी। अचानक फोन आ जाने से खुशी का ठिकाना नहीं था, मैं क्या बोलूँ मुझे समझ नहीं आ रहा था। उन्होंने कहा कि मैं कल आपके शहर में रहूँगा। यह जानकर और भी खुशी हुई। उन्होंने कहा कि मैंने तुम्हें ईमेल किया था, किंतु तुम्हारा कोई उत्तर नहीं आया। मैंने अपनी समस्या बता कर रात में दोबारा बात करने की अनुमति लेकर वार्ता समाप्त की।
रात्रि 9.30 बजे मैंने बात की और यात्रा का संपूर्ण विवरण लिया। पता लगा कि प्रातः 7.00 से 10.00 तक उनका कोई अपना कार्यक्रम नहीं था, तो मैंने उस समय को अपने लिए देने का अनुरोध किया, जैसा कि उन्होंने बात के दौरान यह बताया था कि शायद पूरे दिन उनके पास समय नहीं रहेगा। उन्होंने मेरे अनुरोध को सहर्ष स्वीकार कर लिया। उनकी इतनी बात के बाद मुझे रात्रि में ठीक से नींद नहीं आई और सोने में करीब 11.30 बज गए, किंतु रोज़ की तरह प्रातः 4.30 पर जगना हो गया। प्रातःकाल सबसे पहले उठकर ईमेल चेक करने बैठ गया, शायद कोई अपडेट हो, किंतु ऐसा नहीं था। फिर मैंने अपने विश्वविद्यालय की साइट देखी तो खुशी का ठिकाना न रहा, क्योंकि मैं परास्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका था। इसे सज्जन के चरणों का इलाहाबाद में आने का प्रभाव कहा जा सकता था। 10 मिनट की देरी के साथ प्रयागराज राइट टाइम थी, और मैं स्टेशन पर 6.45 पर पहुँच चुका था। सवा सात बजे तक हम लोग घर पहुँच चुके थे। थोड़ा चाय-पानी के पश्चात मैंने स्नान की बात कही, तो अरुण जी और उनके मित्र ने हामी भरी। स्नान के प्रति उत्साह को देखते हुए मैंने स्नान के आगे गंगा शब्द और जोड़ दिया, तो अरुण जी के मित्र का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी के साथ गंगा स्नान का कार्यक्रम भी बन गया।
8.30 बजे तक हम संगम पहुँच चुके थे, और 9.30 बजे तक स्नान हो गया। नाव के द्वारा गंगाजी और यमुनाजी की धाराओं को एक होते देखा, जो एक अद्भुत दृश्य था। 10.10 तक हम लोग घर पर आ गए, और ड्राइवर पापाजी को उच्च न्यायालय छोड़कर आ चुका था। मैंने कहा कि आपको आपके गंतव्य तक छोड़ आएगा, जब पुनः कहेंगे तो वह आपको ले भी आएगा। किंतु भोजन के बाद अरुण जी ने हमें अपने साथ चलने को कहा, तो मुझे काफी अच्छा लगा, किंतु मैं और भैया उस समय तक भोजन नहीं किए थे। जल्दी-जल्दी में भोजन किया और सामान्य घरेलू वेश में मैं और मेरे भैया, अरुण जी और उनके मित्र करीब 11 बजे चल दिए।
गंतव्य पर पहुँचकर इतनी बड़ी-बड़ी मशीनों को नज़दीक से देखने का अच्छा अनुभव था। उक्त स्थान का निरीक्षण करते-करते हमें 4.30 बज गए थे, जबकि श्री ज्ञानदत्त पाण्डेय जी ने मिलने का सर्वोत्तम समय 3 से 5 बजे के मध्य बताया था, तो अचानक ही उनसे मिलने का कार्यक्रम बनाना पड़ा। समय और परिस्थिति के अनुसार हम जैसे थे, वैसे ही वहाँ पहुँच गए। श्री ज्ञान जी के साथ मेरी दूसरी भेंट थी, उन्होंने बड़ी गर्मजोशी के साथ हमारा स्वागत किया। श्री ज्ञान जी ने पूर्व ही तैयारी कर रखी थी, उनकी पत्नी जी ने श्री अरुण जी के स्वागत के लिए सेवई और ढोकला भेजा था। इससे तो हम जान ही सकते हैं कि श्रीमती जी भी प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से चिट्ठाकारी और चिट्ठाकारों में रुचि रखती हैं। निश्चित रूप से पाण्डेय जी से मिलना एक अच्छा अनुभव रहा। जिस समय हमने श्री ज्ञान जी से अनुमति ली, घड़ी 5.25 बजा रही थी, अर्थात उन्होंने अपने बेस्ट समय से अतिरिक्त समय दिया, क्योंकि 5.30 बजे उनकी नियमित मीटिंग होती है। प्रणाम, हस्तमिलन व आलिंगन के साथ हमने पाण्डेय जी के चंबल विहार से विदा ली, तथा श्री अरुण जी ने श्री पाण्डेय जी को दिल्ली यात्रा के दौरान अपने यहाँ आने का निमंत्रण भी दिया।
जिस काम के लिए हम सुबह से निकले थे, उसे संपन्न करने के बाद हम घर की ओर प्रस्थान कर दिए, और इधर-उधर की बातें करना प्रारंभ कर दिया। करीब 6.50 पर हम घर पर थे। सर्वप्रथम मैंने चाय के लिए पूछा, अरुण जी ने मना कर दिया, किंतु उनके मित्र ने पीने की इच्छा ज़ाहिर की। फिर मैंने अरुण जी की इच्छा की टोह ली, तो उन्होंने कम दूध की चाय की इच्छा ज़ाहिर की। मैंने डरते हुए ब्लैक टी के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि इससे अच्छा हो ही क्या सकता है।
वहाँ से लौटने के बाद से ही अरुण जी मेरे घर से जल्दी प्रस्थान की इच्छा ज़ाहिर कर रहे थे, जबकि मैं उन्हें रात्रि 9 बजे भोजन के उपरांत जाने को कह रहा था, किंतु उन्होंने अपनी बात पर ज़ोर देते हुए प्रस्थान करने की बात मुझसे मनवा ही ली। 7.15 मिनट के आसपास हमने घर छोड़ दिया। घर छोड़ने से पूर्व अरुण जी मेरे पिताजी से मिले और दिल्ली आने पर मिलने का निमंत्रण दिया। हमारे चलने के बाद अरुण जी ने स्टेशन पर ही रुकने और कुछ देर घूमने की बात कही। इस पर मैंने कहा कि स्टेशन पर आपको घूमने के लिए कुछ नहीं मिलेगा सिवाय गंदगी के, और आप चाहें तो सिविल लाइंस छोड़ देता हूँ, आप अपने आगे के 2 घंटे काफी अच्छी तरीके से घूम सकते हैं। उन्हें भी यह बात जँच गई और मैंने उन्हें कॉफ़ी हाउस पर छोड़कर प्रयाग में अंतिम प्रणाम लेकर अपने गंतव्य पर चल पड़ा।
सिविल लाइंस में उन्हें छोड़ने के बाद, मेरा भी वहाँ से जाने का मन नहीं कर रहा था। इसे पिछले 12 घंटे के साथ-साथ रहने का प्रतिफल ही कहा जा सकता है। आत्मीयता अपने आप ही हो जाती है। काफी अधूरे मन से मैं वहाँ से चल दिया। रात्रि करीब 9.25 पर मैंने अरुण जी के पास फोन किया कि आप स्टेशन पहुँच गए हैं कि नहीं? उन्होंने बताया कि मैं स्टेशन पहुँच गया हूँ और इस समय ट्रेन में विश्राम कर रहा हूँ। कुशलता के साथ स्टेशन पहुँचने की खबर पाकर मन अति प्रसन्न हुआ। रात्रि बीत गई, पता ही नहीं चला। सुबह करीब 6.45 पर मैंने हाल लेने की सोची, किंतु किसी कारणवश नहीं कर सका। करीब 9 बजे अरुण जी ने मुझे फोन कर बताया कि मैं दिल्ली पहुँच गया हूँ।
इस दौरान जिन चिट्ठाकारों की चर्चा हुई, उनके नाम निम्न हैं - श्री अनूप शुक्ल जी, श्री समीर लाल जी, श्री अफ़लातून जी, श्री ज्ञानदत्त पाण्डेय जी, श्री संतोष कुमार पाण्डेय जी, श्री अभय जी, श्री रामचन्द्र शुक्ल जी, श्री उन्मुक्त जी तथा बहुत से अन्य ब्लॉग तथा सम्मानित ब्लॉगरों के बारे में चर्चा हुई। अरुण जी की इस यात्रा के संबंध में काफी कुछ और भी लिखा जा सकता है, जल्द ही फिर लिखूँगा।
Share:
17 टिप्पणियां:
सबसे पहले तो परास्नातक की परीक्षा में सफल होने पर बधाई, तुम्हारी मिठाईयां उधार रहीं.
कल अरुण जी अपने अनुभव कल सुना चुके हैं, सुनकर बहुत अच्छा लगा.
परीक्षा पास करने की बधाई।सच मे अच्छा लगता है जब किसी से दिल से मिला जाय्।
परीक्षा पास की है, बधाई मगर पहले मिठाई.... :)
ब्लॉगर मिलन की भी बधाई....
बबधाई
और
मिठाई भी
खुद ही
खा लेना
फिर एक बार
बबधाई।
अच्छा लगा
पंगेबाज जी
का घूमना
घुमाना और
आपका यात्रा
विवरण बतलाना।
पंगेबाजजी से मिलने की तो हमारी भी तमन्ना है...देखते हैं कब मिल पाते हैं...बहरहाल यात्रा विवरण अच्छा लगा
आगे भी इसी प्रकार सफलताएं प्राप्त करते रहें
'चम्बल विहार' नाम सुनकर भी अच्छा लगा
अरे वाह इतने सारे महान ब्लॉगरों से एक साथ मुलाकात… आपको बधाई हो और साथ ही पास होने की भी… हम भी पंगेबाज जी से मिलते-मिलते रह गये…(इसका किस्सा फ़िर कभी) आपकी इस मुलाकात के बारे में पढ़कर अच्छा लगा…
परास्नातक परीक्षा पास करने की बधाई। पंगेबाज आगमन कथा सुन कर अच्छा लगा। हमारी क्या -क्या तारीफ़ हुयी जरा विस्तार से बताया जाये। संकोच करने की कोई आवश्यता नहीं। :)
बहुत सारी बधाइयाँ इतनी ढॆर सारी उपल्बधियों के लिये लेकिन सबसे पहले परीक्षा उत्तीर्ण होने पर अधिक!
ब्लागर मीट शानदार रही ! मगर फ़ोटू कहाँ है , दर्शन करायें ।
प्रमेन्द्र जी आप के इस चिट्ठे को पढ़ने के बाद यह लगा कि हम इलाहाबाद में है । वहां कि हर जगह आखों के सामने आ गई। आप को बधाई परीक्षा पास होने और पंगेबाज से आप के मलाकात का संजीव विवरण देने के लिए।
पंगेबाज से तो
हम पहले ही
मिल चुके हैं
और बतलाएं
एक सीक्रेट
नाम के हैं
वे पंगेबाज
पर उनका
है मन चंगा
उनसे मिलकर
लगता है ऐसा
नहा ली हो गंगा।
परीक्षा पास करने के लिए आपको हार्दिक बधाई।
परास्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने की बहुत-२ बधाई। मिठाई तो खैर तुम्हारे से इलाहाबाद आकर वसूल ली जाएगी नहीं तो उससे पहले दिल्ली आए तो तब वसूल ली जाएगी, इसलिए उसकी तो कोई टेन्शन नहीं है! ;)
परन्तु एक बात बताओ यार, अपने विवरण में कई जगह ऐसे लिखे हो कि प्रतीत होता है अरूण जी से बहुत डरे हुए थे। इसका क्या कारण है? अरूण जी मेरे को कभी डरावनी शख्सियत के मालिक नहीं लगे, हर बार मुस्कुराते हुए हंसी मज़ाक करते हुए ही मिले हैं!!
अरूण जी से पूछा जाए कि क्या बात है अरूण जी, प्रमेन्द्र को काहे इंटीमिडेट किए हुए थे आप?
बधाई हो..
मेरी मिठाई कहां है??
वैसे भी दो बार मिठाई चाहिये,
1 आपके पास होने की और दूसरी इतने अच्छे लोगों से मिलने की.. :)
परीक्षा में पास होने की बधाई..बढ़िया रही आपकी मिलन कथा. अब अरुण जी पंगेबाज की कलम से भी सुना जाये.
अरे वाह, चर्चा में हम भी हैं।
परीक्षा पास करने की और ब्लॉगर मिलन की बधाई।
बहुत बढ़िया तरीके से पूरा वर्णन किया है।
परास्नातक उत्तीर्ण करने और पंगेबाज़जी के साथ मिलकर इलाहाबाद में पंगेबाज़ी करने के लिए बहुत-बहुत बधाई।
एक टिप्पणी भेजें